गुजरात सरकार ने सरकारी स्कूल परिसरों में बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर नए नियम लागू किए हैं. 21 अक्टूबर 2026 को जारी शिक्षा विभाग के परिपत्र के अनुसार, किसी भी बाहरी व्यक्ति को स्कूल में प्रवेश से पहले प्रधानाचार्य या संस्था प्रमुख से लिखित अनुमति लेनी होगी. आगंतुकों का विवरण विजिटर रजिस्टर में दर्ज करना भी अनिवार्य होगा.
नियम प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक सरकारी स्कूलों पर लागू होंगे. अधिकृत सरकारी ड्यूटी पर आने वाले अधिकारियों को इस अनुमति से छूट दी गई है.
परिपत्र में विद्यार्थियों, शिक्षकों या स्कूल गतिविधियों की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, इंटरव्यू, ऑडियो रिकॉर्डिंग और लाइव स्ट्रीमिंग के लिए भी प्रधानाचार्य की पूर्व लिखित मंजूरी जरूरी की गई है. ऐसी गतिविधियां केवल वैध उद्देश्य से ही की जा सकेंगी.
शिक्षा विभाग ने स्कूलों को बच्चों की तस्वीरों, वीडियो और निजी जानकारी के ऐसे संग्रह या प्रसार को रोकने का निर्देश दिया है, जिससे उनकी सुरक्षा, गरिमा या निजता प्रभावित हो सकती है. किसी बच्चे की पहचान या तस्वीर प्रकाशित करने के लिए भी लिखित अनुमति जरूरी होगी.
