गुजरात की अल्पसंख्यक ग्रांटेड प्राथमिक शालाओं के शिक्षकों ने प्रथम उच्चतर वेतनमान में 4200 ग्रेड पे देने की मांग को लेकर राज्य सरकार के सामने आंदोलन शुरू किया है. गुजरात राज्य ग्रांटेड प्राथमिक शिक्षक समन्वय समिति के निर्देश पर राज्यभर के शिक्षकों ने सोमवार और मंगलवार को शैक्षणिक कार्य जारी रखते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को पत्र भेजकर मांग रखी.

समिति के अनुसार, छठे वेतन आयोग के प्रावधानों के तहत प्राथमिक शिक्षकों को नौ साल की सेवा पूरी होने के बाद प्रथम उच्चतर वेतनमान के रूप में 4200 ग्रेड पे मिलना चाहिए. सातवें वेतन आयोग के अनुसार यह पे मैट्रिक्स लेवल-6 के तहत ₹35,400 से ₹1,12,400 के वेतनमान के बराबर है.

शिक्षकों का कहना है कि जिला पंचायत, महानगरपालिका और आश्रम शालाओं के शिक्षकों को यह लाभ दिया जा चुका है, जबकि ग्रांटेड स्कूलों के शिक्षकों के मामले में निर्णय लंबे समय से लंबित है. समिति ने ‘समान काम, समान वेतन’ के आधार पर जल्द समाधान की मांग की है.

चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

समिति ने कहा है कि मांग पर समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा. दूसरे चरण में शिक्षक बच्चों की पढ़ाई प्रभावित किए बिना काली पट्टी बांधकर काम करेंगे. इसके बाद तीसरे चरण में शैक्षणिक कार्य जारी रखते हुए सरकार की ओर से दी जाने वाली सभी ऑनलाइन जिम्मेदारियों का पूर्ण बहिष्कार करने की चेतावनी दी गई है.