गुजरात सरकार ने तंबाकू या निकोटीन वाले गुटखा और पान मसाला के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री पर लागू राज्यव्यापी प्रतिबंध को एक और साल के लिए बढ़ा दिया है. खाद्य सुरक्षा आयुक्त की अधिसूचना के अनुसार, नया प्रतिबंध 13 सितंबर 2026 से लागू होकर 12 सितंबर 2027 तक प्रभावी रहेगा.
यह रोक उन उत्पादों पर लागू होगी, जिन्हें किसी भी नाम से बेचा जाता है और जिनमें तंबाकू या निकोटीन शामिल है. आदेश में ऐसे अलग-अलग बेचे जाने वाले घटकों को भी दायरे में रखा गया है, जिन्हें मिलाकर अंतिम उत्पाद के रूप में गुटखा या पान मसाला बनाया जा सकता है.
किन गतिविधियों पर रोक रहेगी
अधिसूचना के तहत तंबाकू या निकोटीन युक्त गुटखा और पान मसाला के निर्माण, स्टोरेज, वितरण और बिक्री पर रोक जारी रहेगी. आदेश पूरे गुजरात राज्य में लागू होगा. इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
हालांकि, अधिसूचना में 100 प्रतिशत निर्यात-उन्मुख इकाइयों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है. यह छूट केवल अधिसूचना में निर्धारित श्रेणी वाली इकाइयों पर लागू होगी.
2012 से हर साल बढ़ रहा प्रतिबंध
गुजरात में गुटखा और तंबाकू या निकोटीन वाले पान मसाला पर प्रतिबंध 2012 से लागू है. राज्य सरकार खाद्य सुरक्षा कानून के तहत जन-स्वास्थ्य के आधार पर इसकी अवधि समय-समय पर बढ़ाती रही है. मौजूदा अवधि 12 सितंबर 2026 को समाप्त होनी थी, जिसके बाद 13 सितंबर से नया आदेश प्रभावी होगा.
सरकार ने स्वास्थ्य जोखिमों का हवाला दिया
नए आदेश में सरकार ने गुटखा और पान मसाला के सेवन से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों का उल्लेख किया है. अधिसूचना में टाटा मेमोरियल अस्पताल, टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च और HAMER से जुड़े शोध का हवाला देते हुए कहा गया है कि ऐसे उत्पाद कैंसरकारी और सह-कैंसरकारी प्रभाव डाल सकते हैं तथा मुंह के कैंसर का जोखिम बढ़ा सकते हैं.
अधिसूचना में ग्लोबल एडल्ट टोबैको सर्वे के आंकड़ों का भी उल्लेख है. इसमें कहा गया है कि भारत में 35 प्रतिशत वयस्क किसी न किसी रूप में तंबाकू का इस्तेमाल करते हैं, जबकि 21 प्रतिशत वयस्क smokeless tobacco का सेवन करते हैं. ये आंकड़े 2009-10 और 2016-17 के सर्वे से जुड़े हैं.
