गांधीनगर/अहमदाबाद, 24 अक्टूबर. गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को राज्य में 500 करोड़ रुपये से अधिक की स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. कार्यक्रम के दौरान 255 स्वास्थ्य सुविधाओं को जनता को समर्पित किया गया, जबकि 45 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई.
इन परियोजनाओं में अहमदाबाद सिविल अस्पताल परिसर में 223 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंस एंड रिसर्च सेंटर प्रमुख है. करीब 58,831 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित होने वाले इस केंद्र में 521 बिस्तरों की क्षमता होगी. इनमें 160 ICU बेड और 13 आधुनिक ऑपरेशन थिएटर शामिल होंगे.
केंद्र में स्ट्रोक, ब्रेन ट्यूमर, रीढ़ की बीमारियों और न्यूरोलॉजिकल चोटों के इलाज के साथ पुनर्वास और शोध की सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं. स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पंसारिया के अनुसार, 255 पूरी हो चुकी स्वास्थ्य परियोजनाओं पर 185 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जबकि 45 नई परियोजनाओं की अनुमानित लागत 347 करोड़ रुपये है.
मुख्यमंत्री ने राज्य में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार का भी उल्लेख किया. उनके अनुसार, गुजरात में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 2001-02 के आठ से बढ़कर 2025-26 में 43 हो गई है और MBBS सीटें 1,375 से बढ़कर 7,525 हुई हैं.
