गुजरात हाईकोर्ट ने पत्रकार रवि नायर की हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका पर अदाणी एंटरप्राइजेज को हलफनामा दाखिल करने की अनुमति दी है. अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 23 सितंबर को तय की है.

नायर ने उस गैर-जमानती वारंट और हिरासत को चुनौती दी है, जिसके बाद उन्हें आपराधिक मानहानि मामले में जेल भेजा गया. यह मामला उनके सोशल मीडिया पोस्ट और ऑनलाइन लेखों को लेकर अदाणी एंटरप्राइजेज की शिकायत पर दर्ज किया गया था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नायर को फरवरी 2026 में मानहानि मामले में एक साल की सजा और 5,000 रुपये जुर्माने का आदेश दिया गया था. इसके बाद सत्र अदालत ने अपील लंबित रहने तक उनकी सजा निलंबित कर जमानत दी थी.

नायर के वकीलों का कहना है कि वह 3 सितंबर की सुनवाई में खराब स्वास्थ्य और केरल से यात्रा की कठिनाई के कारण व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके. उनके अनुसार, व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट की अर्जी खारिज होने के बाद गैर-जमानती वारंट जारी किया गया.

अदाणी पक्ष ने हाईकोर्ट में कुछ कानूनी और तथ्यात्मक पहलुओं पर अपना पक्ष रखने के लिए समय मांगा, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया.