गुजरात हाई कोर्ट ने छह वर्षीय बच्ची की हिरासत से जुड़े मामले में कहा कि प्राकृतिक अभिभावक मां के पास बच्चे की कस्टडी को सामान्य तौर पर ‘अवैध हिरासत’ नहीं कहा जा सकता. अदालत ने पिता की हैबियस कॉर्पस याचिका खारिज करते हुए उन्हें Guardians and Wards Act और अन्य वैधानिक उपायों के तहत सक्षम अदालत से संपर्क करने की सलाह दी.

मामला उस समय हाई कोर्ट पहुंचा, जब कराड की एक सत्र अदालत ने बच्ची की अस्थायी हिरासत मां को एक सप्ताह के लिए दी थी और उसके बाद उसे पिता को सौंपने का निर्देश दिया था. आरोप था कि निर्धारित अवधि के बाद मां ने बच्ची को पिता को वापस नहीं किया. मां ने इस दौरान मारपीट का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी.

हाई कोर्ट ने बच्ची से चैंबर में बातचीत की. अदालत के अनुसार, बच्ची ने मां के साथ रहने की इच्छा जताई और पिता के साथ रहने को लेकर आपत्ति व्यक्त की. पीठ ने कहा कि बाल हिरासत के मामलों में बच्चे का कल्याण सर्वोपरि है और हैबियस कॉर्पस का इस्तेमाल तभी उचित है, जब हिरासत स्पष्ट रूप से गैरकानूनी हो. अदालत ने दोनों पक्षों के स्थायी या अंतरिम कस्टडी दावों पर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया.