गुजरात हाईकोर्ट ने सूरत के कपड़ा व्यापारी भरतभाई हिरजीभाई शंकर के खिलाफ दर्ज FIR और उससे जुड़ी आपराधिक कार्यवाही रद्द कर दी है. मामला साड़ियों और अन्य कपड़ा सामग्री पर गौतम बुद्ध की छवियां छापकर बेचने के आरोप से जुड़ा था. शिकायत में कहा गया था कि तस्वीरें कपड़े के निचले हिस्से, बॉर्डर और पल्लू पर इस तरह लगाई गई थीं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं.
जस्टिस पीएम रावल की पीठ ने कहा कि भारतीय दंड संहिता की धारा 295A के तहत अपराध के लिए किसी धर्म या धार्मिक विश्वास का अपमान करने की जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण मंशा साबित होना जरूरी है. केवल किसी धार्मिक प्रतीक की छवि वाले कपड़े को छापना या बेचना अपने आप में ऐसा अपराध नहीं माना जा सकता.
अदालत ने रिकॉर्ड पर मौजूद तस्वीरों और पुलिस रिपोर्ट की समीक्षा के बाद कहा कि इनमें आरोपी की ओर से जानबूझकर अपमान या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का स्पष्ट संकेत नहीं मिलता. व्यापारी ने अदालत में कहा था कि वह बाजार में प्रचलित डिजाइनों के अनुसार साड़ी और ड्रेस मटेरियल का कारोबार करता है. हाईकोर्ट ने माना कि आरोपों को सही मानने पर भी धारा 295A के तहत प्रथमदृष्टया मामला नहीं बनता.
