गुजरात हाई कोर्ट ने सूरत के एक साड़ी व्यापारी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और उससे जुड़ी आपराधिक कार्यवाही रद्द कर दी है. व्यापारी पर साड़ियों और ड्रेस-मटीरियल पर गौतम बुद्ध की तस्वीरें होने के मामले में धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया गया था.
मामला 21 दिसंबर 2017 को सूरत के सलाबतपुरा थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 295A के साथ धारा 114 के तहत दर्ज किया गया था. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कपड़ों की निचली किनारी या पल्लू पर बुद्ध की तस्वीरें लगी थीं और ऐसी सामग्री बेची जा रही थी.
अदालत ने उपलब्ध तस्वीरों, पुलिस रिपोर्ट और मामले की परिस्थितियों पर विचार करते हुए कहा कि रिकॉर्ड में धार्मिक विश्वासों का जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण अपमान करने का स्पष्ट संकेत नहीं है. केवल धार्मिक छवि वाले कपड़ों की बिक्री, बिना किसी अपमानजनक कृत्य या मंशा के, धारा 295A के आवश्यक तत्वों को पूरा नहीं करती.
हाई कोर्ट ने माना कि इस आधार पर मुकदमा जारी रखना न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग होगा. अदालत ने व्यापारी के खिलाफ प्राथमिकी और उससे जुड़ी सभी कार्यवाहियां रद्द करते हुए याचिका स्वीकार कर ली.
