गुजरात हाई कोर्ट ने सूरत के कपड़ा कारोबारी भरतभाई हिरजीभाई शंकर के खिलाफ दर्ज FIR और उससे जुड़ी आपराधिक कार्यवाही रद्द कर दी है. मामला साड़ियों और अन्य कपड़ा सामग्री पर गौतम बुद्ध की तस्वीरें छपे होने से संबंधित था. अदालत ने कहा कि केवल किसी धार्मिक या पूजनीय प्रतीक की तस्वीर कपड़े पर छपी होने से भारतीय दंड संहिता की धारा 295A के तहत अपराध नहीं बनता.

शिकायत 21 दिसंबर 2017 को दर्ज की गई थी. इसमें आरोप लगाया गया था कि तस्वीरें साड़ियों के निचले हिस्से, बॉर्डर या पल्लू के पास छापी गई थीं और इससे धार्मिक भावनाएं आहत करने का जानबूझकर प्रयास हुआ. कारोबारी ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा था कि वह प्रचलित डिजाइन और बाजार की मांग के अनुसार साड़ी व ड्रेस मटेरियल बेचता है.

न्यायमूर्ति पी. एम. रावल ने कहा कि धारा 295A लागू करने के लिए जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण तरीके से धार्मिक भावनाएं आहत करने की मंशा साबित होना जरूरी है. अदालत ने तस्वीरों और पुलिस रिपोर्ट की समीक्षा के बाद कहा कि रिकॉर्ड में ऐसी मंशा का प्रथमदृष्टया प्रमाण नहीं है. अभियोजन जारी रखना कानून की प्रक्रिया का दुरुपयोग होगा.