गुजरात हाई कोर्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शैक्षणिक डिग्री से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने के मामले में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की अपील खारिज कर दी है. अदालत ने एकल पीठ के फैसले को बरकरार रखते हुए केजरीवाल पर लगाए गए ₹25,000 के जुर्माने को भी कायम रखा.

यह मामला 2016 के केंद्रीय सूचना आयोग (CIC) के उस निर्देश से जुड़ा है, जिसमें गुजरात यूनिवर्सिटी को प्रधानमंत्री की डिग्री से संबंधित जानकारी तलाशकर उपलब्ध कराने को कहा गया था. गुजरात यूनिवर्सिटी ने इस निर्देश को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी.

मार्च 2023 में एकल पीठ ने CIC का आदेश रद्द करते हुए कहा था कि शैक्षणिक डिग्री व्यक्तिगत जानकारी के दायरे में आती है और RTI कानून के तहत इसके खुलासे से छूट प्राप्त है, जब तक बड़े सार्वजनिक हित का आधार स्थापित न हो. इसी आदेश में केजरीवाल पर लागत भी लगाई गई थी.

मुख्य न्यायाधीश सुनीता अग्रवाल और न्यायमूर्ति डीएन रे की डिविजन बेंच ने अपील में हस्तक्षेप का कोई आधार नहीं पाया. अदालत ने यह भी कहा कि मामले की परिस्थितियों में एकल पीठ के फैसले में कोई त्रुटि नहीं है.