गुजरात हाई कोर्ट ने वडोदरा कलेक्टर अनिल धमेलिया के एक हलफनामे में न्यायिक अधिकारी से जुड़ी टिप्पणियों पर कड़ी नाराजगी जताई है. कोर्ट ने कहा कि हलफनामे में शामिल तथ्य मामले के लिए अनावश्यक थे और प्रथमदृष्टया न्यायिक अधिकारी पर आक्षेप लगाने वाले प्रतीत होते हैं.
मामला गुजरात भूमि राजस्व संहिता की धारा 65 के तहत गैर-कृषि उपयोग की अनुमति से जुड़ा है. कलेक्टर ने 17 अगस्त 2026 के आदेश में आवेदन को इस आधार पर लंबित रखा था कि गुजरात रेवेन्यू ट्रिब्यूनल में पुनरीक्षण आवेदन लंबित हैं. याचिकाकर्ताओं ने कहा कि इन मामलों का निपटारा 2024 में ही हो चुका था.
हाई कोर्ट के निर्देश पर कलेक्टर ने 6 अक्टूबर को हलफनामा दाखिल किया. कोर्ट के अनुसार, उन्हें केवल यह बताना चाहिए था कि पुनरीक्षण मामलों के निपटारे की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दिखाई नहीं दे रही थी. इसके बजाय हलफनामे में ट्रिब्यूनल के तत्कालीन कार्यवाहक अध्यक्ष से जुड़े पुराने मामले का उल्लेख किया गया.
जस्टिस नीरल आर. मेहता ने कलेक्टर की माफी को यांत्रिक बताते हुए स्वीकार नहीं किया. अदालत ने सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव से मामले की स्वतंत्र समीक्षा कर प्रस्तावित कार्रवाई बताने को कहा है. अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी.
