गुजरात हाईकोर्ट ने मध्यस्थता की प्रक्रिया में महिलाओं और तकनीकी विशेषज्ञों के कम प्रतिनिधित्व पर चिंता जताते हुए पक्षकारों, वकीलों और मध्यस्थ संस्थानों से नियुक्तियों का दायरा व्यापक करने की अपील की है. अदालत ने कहा कि योग्य महिलाओं और तकनीकी विशेषज्ञों को मध्यस्थों के पैनल में पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए.
जस्टिस डीएन रे ने अक्टूबर 2026 में NALSAR यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के मिलोन के. बनर्जी सेंटर फॉर आर्बिट्रेशन लॉ की प्रकाशित स्टडी का हवाला दिया. अध्ययन के अनुसार, 2025 में सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और बॉम्बे हाईकोर्ट में दर्ज मामलों से जुड़ी 2,283 नियुक्तियों में महिलाओं की हिस्सेदारी 29.97 प्रतिशत थी. तकनीकी विशेषज्ञों की हिस्सेदारी केवल 3.10 प्रतिशत रही.
अदालत ने Arbitration and Conciliation Act, 1996 की धारा 11(8) और सुप्रीम कोर्ट के Voestalpine फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यस्थों के पैनल में केवल न्यायाधीशों और वकीलों तक सीमित रहने के बजाय इंजीनियरों तथा अन्य पेशेवरों को भी शामिल किया जाना चाहिए.
ये टिप्पणियां साझेदारी फर्म से जुड़े विवादों पर दायर दो मध्यस्थता याचिकाओं के निपटारे के दौरान की गईं. अदालत ने पूर्व गुजरात हाईकोर्ट न्यायाधीश जस्टिस मौना एम. भट्ट को एकमात्र मध्यस्थ नियुक्त किया.
