भारतीय सेना के चार माइक्रोलाइट विमानों ने गुजरात में अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर के NH-754A पर लैंडिंग और टेकऑफ का अभ्यास किया. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी.
यह अभ्यास हाईवे के चेनज किलोमीटर 946 से 949 के बीच करीब 3 किलोमीटर लंबे हिस्से पर किया गया. विमानों को भारतीय सेना की ‘टीम माउंटेन ईगल्स’ से जुड़ा बताया गया है. ये विमान ‘विंग्स ऑफ वेलोर एंड यूनिटी एक्सपीडिशन’ का हिस्सा थे.
रणनीतिक जरूरतों में हाईवे की भूमिका
गडकरी के अनुसार, इस अभ्यास से यह प्रदर्शित हुआ कि राष्ट्रीय राजमार्ग केवल यातायात और कनेक्टिविटी के साधन नहीं हैं, बल्कि रणनीतिक और ऑपरेशनल जरूरतों में भी उपयोगी हो सकते हैं. उन्होंने इसे भारतीय सेना और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के बीच तालमेल का प्रदर्शन बताया.
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार और NHAI ऐसे आधुनिक हाईवे नेटवर्क तैयार करने पर काम कर रहे हैं, जो आर्थिक गतिविधियों और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ सशस्त्र बलों की जरूरतों में भी मदद कर सकें.
गडकरी ने यह भी कहा कि भविष्य में राष्ट्रीय राजमार्गों का इस्तेमाल एयरो-एडवेंचर, पर्यटन और अन्य गतिविधियों के लिए किया जा सकता है. हालांकि, इसके लिए जगह की उपयुक्तता, सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय जरूरी होगा. उन्होंने ‘टीम माउंटेन ईगल्स’, NHAI और अभ्यास में शामिल अधिकारियों को बधाई दी.
