गुजरात में 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान वाले गर्म दिनों की संख्या हर दशक 2.3 दिन बढ़ी है. वहीं, 20 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान वाली गर्म रातों में भी प्रत्येक दशक 1.5 रात की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. यह निष्कर्ष भारतीय मौसम विभाग (IMD) के वैज्ञानिकों के 1951 से 2025 तक के दैनिक तापमान आंकड़ों के विश्लेषण में सामने आया है.
यह अध्ययन ‘इंटरनेशनल जर्नल ऑफ क्लाइमेटोलॉजी’ में प्रकाशित हुआ है. शोध में भारत को अलग-अलग राज्यों के बजाय कृषि-जलवायु क्षेत्रों के आधार पर देखा गया. गुजरात मुख्य रूप से ‘गुजरात प्लेन्स एंड हिल्स’ (ACZ-13) और इसके पड़ोसी ‘वेस्टर्न ड्राई रीजन’ (ACZ-14) में आता है.
अध्ययन के अनुसार, गुजरात और पश्चिमी शुष्क क्षेत्रों में दिन और रात दोनों का तापमान बढ़ रहा है. वेस्टर्न ड्राई रीजन में गर्म रातों की वृद्धि दर देश में सबसे अधिक बताई गई है. इसके साथ ही दिन और रात के तापमान के बीच का अंतर भी तेजी से घट रहा है.
तापमान में यह बदलाव कृषि क्षेत्र के लिए चिंता बढ़ाता है. खासकर कपास की फसल के दौरान बढ़ते ‘हीट यूनिट्स’ से फसल पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है. गर्म रातों का असर पशुपालन और डेयरी क्षेत्र पर भी पड़ने की आशंका जताई गई है. रात में तापमान अधिक रहने पर पशुओं को शरीर की गर्मी कम करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता, जिससे उनकी प्रजनन क्षमता प्रभावित हो सकती है.
