गुजरात की लेबर कोर्ट और इंडस्ट्रियल कोर्ट से जुड़े वकीलों ने नए लेबर कोड को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है. वकीलों के एसोसिएशनों की सामान्य सभा में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया. हड़ताल के दौरान वकील अदालतों के कामकाज में शामिल नहीं होंगे.

वकीलों ने अदालतों से यह भी अनुरोध किया है कि हड़ताल की अवधि में किसी मामले में एकतरफा आदेश जारी न किए जाएं. उनका कहना है कि नए लेबर कोड के तहत श्रम विवादों से जुड़े कुछ अधिकार न्यायिक संस्थाओं से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को दिए जा रहे हैं.

वकीलों के अनुसार, इसका असर श्रमिकों के हितों पर पड़ सकता है. उनका तर्क है कि प्रशासनिक अधिकारी आवश्यक रूप से कानून के विशेषज्ञ नहीं होते, इसलिए श्रम विवादों से संबंधित अधिकार लेबर और इंडस्ट्रियल कोर्ट के पास ही रहने चाहिए.

एसोसिएशनों ने मांग की है कि नए लेबर कोड को लेकर उठे सवालों का समाधान किया जाए और संबंधित शक्तियां फिर अदालतों को दी जाएं. हड़ताल का आह्वान गुजरात की सभी इंडस्ट्रियल और लेबर अदालतों के लिए किया गया है.

इससे पहले गुजरात की सिविल और स्मॉल कॉज कोर्ट में गुजरात किराया विधेयक 2026 को लेकर वकीलों ने हड़ताल की थी. सरकार के साथ बार काउंसिल ऑफ गुजरात की बैठक और पांच सदस्यीय समिति बनाए जाने के बाद वह हड़ताल समाप्त हुई थी.