गुजरात में किराया विधेयक के विरोध में छह दिन से चल रही वकीलों की हड़ताल खत्म हो गई है. वकीलों और सरकार के बीच हुई बैठक के बाद विधेयक की समीक्षा के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया है. वकीलों के प्रतिनिधियों के अनुसार, कमेटी की सिफारिशों के आधार पर विधेयक में जरूरी संशोधन किए जाएंगे.
बार काउंसिल ऑफ गुजरात के चेयरमैन पीडी पटेल ने बताया कि विधेयक को लेकर वकीलों में असंतोष था और वे कामकाज से दूर रहे थे. इस मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री के साथ बैठक के अलावा बार काउंसिल के सदस्यों से भी चर्चा की गई.
न्यायिक प्राधिकरण के पास रहने की मांग
स्मॉल कॉज कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयशंकर प्रजापति के अनुसार, सरकार ने आश्वासन दिया है कि किरायेदार और संपत्ति से जुड़े मामलों की शक्तियां न्यायिक प्राधिकरण के पास ही रहेंगी. कलेक्टर को ये अधिकार देने का प्रस्ताव हटाने की बात भी कही गई है. उन्होंने कहा कि मौजूदा कानून और नए कानून के प्रावधानों की समीक्षा कर आवश्यक बदलाव किए जाएंगे.
वकीलों का कहना है कि पुराने कानून के तहत मकान मालिक और किरायेदार के विवाद स्मॉल कॉज कोर्ट में सुने जाते थे. नए मसौदे में यह अधिकार डिप्टी कलेक्टर या असिस्टेंट म्युनिसिपल कमिश्नर स्तर के अधिकारियों को देने का प्रस्ताव था. वकीलों ने अधिकारियों की न्यायिक प्रक्रिया संबंधी ट्रेनिंग, पक्षकारों की सुविधा और मसौदा तैयार करने से पहले सुझाव नहीं लिए जाने पर आपत्ति जताई थी.
अहमदाबाद क्रिमिनल कोर्ट के जगतभाई चौकसी के अनुसार, सरकार से मिली सहमति के बाद विरोध वापस ले लिया गया है. अदालतों में कामकाज 7 अक्टूबर से सामान्य रूप से शुरू होने की बात कही गई है. विधेयक फिलहाल राज्यपाल की मंजूरी के लिए लंबित बताया गया है.
