गुजरात के नौ जिलों में किए गए एक सर्वे में मातृत्व योजनाओं के सीमित लाभ और पोषण सेवाओं की खामियां सामने आने का दावा किया गया है. अन्न सुरक्षा अधिकार अभियान ने जून और जुलाई 2026 में 15 तालुकों की 369 महिलाओं से जानकारी जुटाई.
सर्वे के अनुसार, 70.2 प्रतिशत महिलाएं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के बारे में जानती थीं, लेकिन केवल 27.4 प्रतिशत महिलाओं के खाते में योजना की सहायता राशि पहुंची. 369 में से 247 महिलाओं ने बताया कि उन्हें योजना के तहत एक भी रुपया नहीं मिला, जबकि 20 महिलाओं को अपने लाभ की स्थिति स्पष्ट नहीं थी.
राज्य की नमो श्री योजना में लाभ पाने वाली महिलाओं का अनुपात और कम रहा. सर्वेक्षण में शामिल महिलाओं में केवल 4.8 प्रतिशत यानी 18 महिलाओं को लाभ मिला. इनमें छह महिलाओं को निर्धारित पूरा लाभ मिलने की जानकारी दी गई, जबकि अन्य को 7,000 से 10,000 रुपये के बीच राशि मिली.
डिजिटल प्रक्रियाओं से जुड़ी अड़चनें
सर्वे में 93.2 प्रतिशत महिलाओं के पास पहचान पत्र, 82.7 प्रतिशत के पास बैंक खाता और 91.3 प्रतिशत की आंगनवाड़ी में पंजीकरण पाया गया. इसके बावजूद e-KYC, पोर्टल की दिक्कत और OTP से जुड़ी समस्याओं को लाभ मिलने में बाधा बताया गया. 57.5 प्रतिशत महिलाओं का OTP पति के मोबाइल पर जाता था, जबकि केवल 22.5 प्रतिशत महिलाओं का अपना मोबाइल नंबर लिंक था.
पोषण सेवाओं को लेकर भी शिकायतें दर्ज की गईं. दाहोद, पंचमहल, साबरकांठा और बनासकांठा की 170 महिलाओं में से 96 ने गर्भावस्था और प्रसव के बाद मिलने वाला गर्म भोजन नहीं मिलने की बात कही. भोजन पाने वाली 74 महिलाओं में केवल 23 को रोजाना भोजन मिलता था, जबकि 44 को सप्ताह में दो-तीन दिन ही भोजन मिल पाता था.
अभियान से जुड़ी सेजल बेन ने डिजिटल और प्रशासनिक बाधाएं दूर करने की मांग की. अभियान के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल 23 नवंबर को गांधीनगर में मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के सामने इन मुद्दों को रखेगा.
