गुजरात से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गई है. डिसा और नलिया से मानसून की वापसी की रेखा गुजर चुकी है, जबकि सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के कुछ अन्य हिस्सों से भी यह रेखा जल्द गुजरने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले सात दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के ट्रफ में बदलने के असर से अगले तीन दिनों में कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश के छींटे पड़ सकते हैं.
इन इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. ए.के. दास के अनुसार, सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है. इनमें अमरेली, भावनगर, सूरत, तापी, नवसारी, डांग और वलसाड शामिल हैं. केंद्रशासित प्रदेश दमन तथा दादरा और नगर हवेली में भी हल्की बारिश हो सकती है.
मानसून की वापसी के बीच राज्य के कई शहरों में तापमान बढ़ा है और लोगों को गर्मी महसूस हो रही है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, भावनगर 35.2 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा. अमरेली और सुरेंद्रनगर में 34.3 डिग्री, राजकोट में 34.2 डिग्री तथा अहमदाबाद और वडोदरा में 33.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
