गुजरात सरकार ने ‘विकसित गुजरात औद्योगिक नीति-2026’ के तहत सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) के लिए पांच साल की प्रोत्साहन योजना घोषित की है. योजना 1 जून 2026 से लागू है और 31 मई 2031 तक प्रभावी रहेगी. इसके तहत पूंजी निवेश, टर्म लोन के ब्याज, बिजली, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), पेटेंट, गुणवत्ता प्रमाणन और रोजगार सृजन पर सहायता का प्रावधान किया गया है.
निवेश और ब्याज पर सहायता
योजना के अनुसार, क्षेत्र की श्रेणी और उद्योग के प्रकार के आधार पर पात्र स्थिर पूंजी निवेश पर सहायता मिलेगी. कैटेगरी-A में संयुक्त प्रोत्साहन की अधिकतम सीमा 45% और कैटेगरी-B में 35% रखी गई है. चयनित थ्रस्ट सेक्टर के लिए यह सीमा क्रमशः 50% और 45% तक हो सकती है. कैटेगरी-A में माइक्रो उद्योगों को एक वर्ष में वितरित पात्र निवेश के 35% तक, जबकि स्मॉल और मीडियम उद्योगों को पांच वर्षों में वितरित पात्र निवेश के 35% तक सहायता मिल सकती है. कैटेगरी-B में संबंधित दर 25% तक है.
टर्म लोन पर पांच साल तक 7% ब्याज सहायता का प्रावधान है. कैटेगरी-A में बिजली पर प्रति यूनिट 2 रुपये और कैटेगरी-B में प्रति यूनिट 1 रुपये तक सहायता दी जाएगी. महिला उद्यमियों, विनिर्माण क्षेत्र के पंजीकृत स्टार्टअप और पहली पीढ़ी के उद्यमियों को निर्धारित सीमा में अतिरिक्त 1% ब्याज सहायता मिल सकती है.
रोजगार और तकनीक के लिए प्रोत्साहन
नए कर्मचारियों के नियोक्ता EPF योगदान की 100% तक भरपाई पांच साल तक की जा सकती है. इसकी अधिकतम सीमा पुरुष कर्मचारी के लिए 1,800 रुपये, महिला कर्मचारी के लिए 2,500 रुपये और दिव्यांग कर्मचारी के लिए 3,000 रुपये प्रति माह है. सहायता कर्मचारी के मूल वेतन, महंगाई भत्ते और रिटेनिंग अलाउंस के 12% या निर्धारित सीमा में से जो कम हो, उसके आधार पर मिलेगी.
AI सब्सक्रिप्शन शुल्क का 80% तक, अधिकतम एक लाख रुपये सालाना और तीन साल तक, पात्र माइक्रो उद्योगों और चयनित थ्रस्ट सेक्टर के कारीगरों को मिल सकता है. Industry 4.0 और AI आधारित ICT सुविधाओं के लिए पूंजीगत खर्च का 65% तक, अधिकतम पांच लाख रुपये की सहायता है. मान्य संस्थाओं से तकनीक लेने पर सामान्य MSME को 50 लाख रुपये और चयनित क्षेत्रों को एक करोड़ रुपये तक सहायता मिल सकती है.
प्रमाणन, किराये और ऊर्जा बचत
पेटेंट पंजीकरण पर खर्च का 75% तक, अधिकतम 25 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है. गुणवत्ता प्रमाणन के लिए खर्च का 50% तक, अधिकतम 10 लाख रुपये मिल सकते हैं. ERP सिस्टम के लिए अधिकतम एक लाख रुपये और ZED प्रमाणन के लिए केंद्र की सहायता के बाद शेष शुल्क का 50% तक, अधिकतम 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी.
विनिर्माण क्षेत्र में किराये या लीज पर औद्योगिक शेड लेने वाले सामान्य पात्र उद्यमों को किराये का 65% और 100% महिला स्वामित्व वाले उद्यमों को 75% तक सहायता मिलेगी. इसकी सीमा सालाना तीन लाख रुपये और अवधि पांच वर्ष है. ऊर्जा या पानी की बचत के लिए ऑडिट खर्च का 75% तक, अधिकतम 50 हजार रुपये तथा सुझाए गए उपकरणों पर 25% तक, अधिकतम 20 लाख रुपये की एकमुश्त सहायता मिल सकती है. इसके लिए पिछले 12 महीनों की औसत खपत के मुकाबले कम से कम 10% बचत जरूरी होगी.
स्थानीय रोजगार और पात्र निवेश
लाभ लेने वाले उद्योगों में कम से कम 85% कर्मचारी गुजरात के निवासी होने चाहिए. मैनेजरियल और सुपरवाइजरी स्तर पर स्थानीय निवासियों की हिस्सेदारी कम से कम 60% रखी गई है. एक जनवरी 2026 से पात्र संपत्ति की खरीद और भुगतान से हुआ निवेश भी शर्तों के तहत माना जाएगा. 50 करोड़ रुपये तक के प्लांट और मशीनरी निवेश के लिए पात्र अवधि 12 महीने और 50 करोड़ से अधिक से 125 करोड़ रुपये तक के निवेश के लिए 18 महीने होगी.
