गांधीनगर: गुजरात सरकार ने राज्य की नौ नवगठित नगर निगमों को नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट के लिए सरकारी जमीन उपलब्ध कराने का फैसला किया है. यह व्यवस्था पांच साल तक लागू रहने वाली है और इसका उद्देश्य नई नगर निगमों में बुनियादी शहरी ढांचे का तेजी से विकास करना है.

इस फैसले का लाभ नवसारी, वापी, आनंद, नडियाद, मेहसाणा, सुरेंद्रनगर, मोरबी, पोरबंदर और गांधीनगर जिले की गांधीनगर नगर निगम को मिलेगा. उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, इन निकायों को नगर निगम बनने के बाद विस्तारित क्षेत्रों में कार्यालयों और सार्वजनिक सुविधाओं के लिए अतिरिक्त भूमि की जरूरत है.

इन सुविधाओं के लिए जमीन

भूमि का इस्तेमाल नगर सेवा सदन, फायर स्टेशन, सीवेज और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, भूमिगत ड्रेनेज, पंपिंग स्टेशन, जलापूर्ति परियोजनाओं, ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन, स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज, आंगनवाड़ी, टाउन हॉल, कम्युनिटी हॉल और कन्वेंशन सेंटर के लिए किया जा सकेगा.

सरकार ने जिला स्तर पर आवंटन प्रक्रिया को सरल बनाने का भी निर्णय लिया है. एक हेक्टेयर तक की भूमि के मामलों में प्रक्रिया जिला स्तर पर आगे बढ़ाई जा सकेगी, जबकि इससे अधिक या गौचर भूमि के लिए राज्य सरकार की मंजूरी जरूरी होगी. नगर निगमों को आवेदन i-ORA पोर्टल के माध्यम से करना होगा. आवंटित जमीन का इस्तेमाल तय सार्वजनिक उद्देश्य के लिए ही किया जा सकेगा और जमीन का स्वामित्व सरकार के पास रहेगा.