गुजरात में पशुपालक अब 229 रुपये प्रति पशु का प्रीमियम देकर एक साल के लिए 40,000 रुपये तक का बीमा कवर ले सकेंगे. यह सुविधा पशुधन बीमा सहायता योजना के तहत दी जा रही है, जिसे राष्ट्रीय पशुधन मिशन के अंतर्गत लागू किया गया है.

राज्य सरकार के अनुसार, बीमा प्रीमियम का 85 प्रतिशत यानी करीब 1,300 रुपये प्रति पशु सरकार देगी. पशुपालक को शेष 229 रुपये जमा करने होंगे. योजना का उद्देश्य पशु की अचानक मृत्यु से होने वाले आर्थिक नुकसान से परिवारों को सुरक्षा देना है.

किन पशुओं को मिलेगा लाभ

योजना में गाय, भैंस, घोड़ा, गधा, ऊंट, बैल, बछड़ा और नर भैंस जैसे बड़े पशु शामिल हैं. एक परिवार अधिकतम 10 बड़े पशुओं या 100 छोटे पशुओं का बीमा करा सकता है.

गुजरात सरकार ने 2026-27 में एक लाख पशुओं को कवर करने का लक्ष्य रखा है. आवेदन i-Khedut पोर्टल के जरिए लिए जा रहे हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पोर्टल पर 87,147 पशुओं के बीमा के लिए आवेदन मिल चुके हैं. केंद्र ने गुजरात के लिए 250 लाख रुपये मंजूर किए हैं, जिसमें 115 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की जा चुकी है.