गुजरात में पीक आवर्स के दौरान बिजली आपूर्ति बनाए रखना ग्रिड ऑपरेटरों के लिए चुनौती बना हुआ है. उपलब्ध परिचालन रिपोर्टों के अनुसार, 18 अक्टूबर को राज्य की निगरानी वाली कुल 26,502.31 मेगावॉट क्षमता में से 5,008.31 मेगावॉट क्षमता आउटेज में थी. यह कुल क्षमता का लगभग 19% है.
रिपोर्ट में बिजली उत्पादन प्रभावित होने के पीछे थर्मल प्लांट्स में तकनीकी खराबी, बॉयलर और वॉटर-वॉल ट्यूब लीकेज, ईंधन की कमी और कुछ गैस संयंत्रों के लंबित पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) को प्रमुख कारण बताया गया है.
कई संयंत्रों में अलग-अलग खराबियां
कच्छ के नमुना स्थित अकारी मोटी लिग्नाइट पावर स्टेशन का यूनिट-2 12 अक्टूबर से ईंधन संबंधी समस्या और अन्य दिक्कतों के कारण बंद बताया गया है. कच्छ लिग्नाइट का यूनिट-4 कूलिंग टावर की खराबी के चलते 15 महीने से अधिक समय से बंद होने का उल्लेख भी रिपोर्ट में है.
उकाई पावर स्टेशन की 610 मेगावॉट क्षमता मेंटेनेंस और लीकेज से प्रभावित बताई गई है. वणाकबोरी के यूनिट-1 में बॉयलर फ्लेम फेल्योर, सूरत लिग्नाइट के यूनिट-3 में वॉटर-वॉल ट्यूब लीकेज और गांधीनगर के यूनिट-3 में टर्बाइन बेयरिंग की समस्या का जिक्र है. गांधीनगर यूनिट की क्षमता 210 मेगावॉट बताई गई है.
गैस आधारित संयंत्रों में धुवारण CCPP और एस्सार हजीरा के कुछ यूनिट PPA न होने के कारण बंद बताए गए हैं. हजीरा और पीपावाव के यूनिट भी करार न होने या रिजर्व शटडाउन स्थिति में बताए गए हैं.
18 अक्टूबर को गुजरात में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन 212.41 मिलियन यूनिट रहा, जिसमें सौर ऊर्जा 171.93 और पवन ऊर्जा 40.48 मिलियन यूनिट थी. रिपोर्ट के अनुसार, शाम के समय सौर उत्पादन घटने पर बंद गैस संयंत्रों के कारण पीक मांग संभालने का दबाव बढ़ता है.
