गांधीनगर: गुजरात सरकार ने निजी संस्थाओं, गैर-सरकारी संगठनों, ट्रस्टों और कारोबारी प्रतिष्ठानों के नामों में सरकारी पहचान से जुड़े शब्दों और प्रतीकों के कथित दुरुपयोग पर कार्रवाई शुरू की है. सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य के विभागों, कार्यालयों और पंजीकरण प्राधिकरणों को ‘Emblems and Names (Prevention of Improper Use) Act, 1950’ के प्रावधानों का सख्ती से पालन करने को कहा है.

निर्देशों के अनुसार, निजी संस्थाओं को ‘ब्यूरो’, ‘कमीशन’, ‘मंत्रालय’, ‘सेंटर’, ‘ऑल इंडिया’, ‘नेशनल’ और ‘इंडियन’ जैसे शब्दों का नाम में इस्तेमाल करने से पहले केंद्र सरकार की लिखित अनुमति लेनी होगी. अनुमति मिलने पर भी संस्था को स्पष्ट करना होगा कि वह निजी इकाई है और उसका सरकार या किसी सरकारी उद्देश्य से संबंध नहीं है.

सरकार ने कहा है कि कुछ निजी संस्थाएं अशोक चिह्न, अशोक चक्र और सरकारी मुहरों जैसी पहचान का इस्तेमाल लेटरहेड, विजिटिंग कार्ड, साइनबोर्ड और वेबसाइटों पर कर रही हैं. इससे नागरिकों को किसी निजी सेवा या लेनदेन को सरकारी गतिविधि समझने का जोखिम रहता है.

सोसाइटी, फर्म और सहकारी संस्थाओं के रजिस्ट्रारों को पंजीकरण के चरण में नामों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रस्ताव खारिज करने को कहा गया है. संदेह या विवाद की स्थिति में मामला केंद्र सरकार को भेजा जाएगा, जिसका निर्णय अंतिम माना जाएगा.