गुजरात सरकार ने निजी वाहनों पर जाति-सूचक शब्दों, संकेतों, आकृतियों और किसी भी तरह के टेक्स्ट के प्रदर्शन पर रोक लगा दी है. यह प्रावधान दोपहिया, तिपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ-साथ बसों और ट्रकों पर भी लागू होगा.

बंदरगाह एवं परिवहन विभाग ने 17 नवंबर 2026 को ‘गुजरात मोटर व्हीकल्स (थर्ड अमेंडमेंट) रूल्स, 2026’ की अधिसूचना जारी की. इसके जरिए गुजरात मोटर व्हीकल्स रूल्स, 1989 में बदलाव किया गया है.

संशोधन के तहत नियम 125 के उप-नियम (1) में ‘नो एडवरटाइजिंग डिवाइस, फिगर’ की जगह ‘नो एडवरटाइजिंग डिवाइस, कास्ट साइनेज, फिगर’ शब्द जोड़े गए हैं. इसके अलावा नियम 138 में उप-नियम (2) के बाद नया उप-नियम (3) शामिल किया गया है.

नए प्रावधान के अनुसार, किसी निजी वाहन पर विज्ञापन उपकरण, जाति-सूचक संकेत, आकृति या किसी भी प्रकार का टेक्स्ट प्रदर्शित नहीं किया जा सकेगा. हालांकि, राज्य सरकार सामान्य या विशेष आदेश के जरिए कुछ मामलों में इसकी अनुमति दे सकती है.

इस संशोधन से वाहनों पर प्रदर्शित की जा सकने वाली सामग्री को लेकर नियमों में जाति-सूचक पहचान को स्पष्ट रूप से शामिल किया गया है. इससे ऐसे शब्दों और प्रतीकों के इस्तेमाल पर नियामकीय नियंत्रण लागू होगा.

इन नियमों का मसौदा 11 जून 2026 को गुजरात सरकार के असाधारण राजपत्र में प्रकाशित किया गया था. प्रभावित लोगों से 30 दिनों के भीतर आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे. सरकार के अनुसार, तय अवधि में कोई आपत्ति या सुझाव प्राप्त नहीं हुआ, जिसके बाद अंतिम नियम अधिसूचित किए गए.