गुजरात सरकार ने निजी वाहनों पर जातिसूचक शब्द, संकेत, प्रतीक, आकृतियां और लिखावट प्रदर्शित करने पर प्रतिबंध लगा दिया है. यह प्रावधान दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ निजी बसों और ट्रकों पर भी लागू होगा.

बंदरगाह एवं परिवहन विभाग ने गुजरात मोटर वाहन (तीसरा संशोधन) नियम, 2026 को 17 नवंबर को अधिसूचित किया. संशोधन के तहत नियम 125(1) में ‘No advertising device, figure’ के साथ ‘caste signage’ शब्द जोड़ा गया है.

इसके अलावा नियम 138 में नया उपनियम (3) शामिल किया गया है. इसके अनुसार राज्य सरकार की सामान्य या विशेष अनुमति को छोड़कर किसी निजी वाहन पर विज्ञापन उपकरण, जाति पहचानने वाला संकेत, आकृति या किसी भी प्रकार का पाठ प्रदर्शित नहीं किया जा सकेगा.

इन नियमों का मसौदा 11 जून 2026 को गुजरात गजट के विशेष अंक में प्रकाशित कर 30 दिनों के भीतर आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे. सरकार के अनुसार, तय अवधि में कोई आपत्ति या सुझाव प्राप्त नहीं हुआ, जिसके बाद अंतिम नियम अधिसूचित किए गए.

नियमों में मौजूदा जातिसूचक स्टिकर या लिखावट हटाने के लिए अलग से किसी छूट अवधि का उल्लेख नहीं किया गया है.