गुजरात में शनिवार को दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई. राज्य में सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक 44 तालुकों में वर्षा दर्ज की गई. सबसे ज्यादा बारिश खेड़ा जिले के नडियाद तालुका में हुई, जहां 2 इंच से अधिक पानी गिरा. मातर, खेड़ा और जांबुघोड़ा समेत छह से अधिक तालुकों में 1 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई.
अहमदाबाद में भी दोपहर बाद मौसम बदला. अंकुर चार रास्ता, नारणपुरा और दाणीलीमड़ा इलाकों में तेज बारिश हुई. दांता-पालानपुर हाईवे पर बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं, जिससे सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों और लोगों को परेशानी हुई.
अगले सात दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों में राज्य में भारी बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और अलग-अलग दौर में बारिश के छींटे पड़ने का अनुमान है.
मौसम में बदलाव की वजह सक्रिय निम्न दबाव प्रणाली, मानसून ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ को बताया गया है. राज्य में अब तक सीजन की कुल 616.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य 673.9 मिलीमीटर से 8 प्रतिशत कम है.
