गुजरात में तीन सप्ताह के अपेक्षाकृत सूखे दौर के बाद 12 सितंबर से बारिश का नया दौर शुरू होने का अनुमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण गुजरात के 10 जिलों और केंद्रशासित क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
12 सितंबर को वडोदरा, छोटा उदेपुर, नर्मदा, भरूच, सूरत, तापी, डांग, नवसारी और वलसाड में भारी बारिश हो सकती है. दमन तथा दादरा और नगर हवेली में भी भारी वर्षा का अनुमान है. इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक 13 सितंबर को बारिश और तेज हो सकती है. डांग, नवसारी, वलसाड, सूरत और तापी में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि अहमदाबाद, आनंद, पंचमहल, दाहोद, वडोदरा, नर्मदा, भरूच और सौराष्ट्र के कई जिलों में भारी वर्षा हो सकती है.
अहमदाबाद समेत कई हिस्सों में गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. IMD के अनुसार गुजरात में 14 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है.
