गुजरात में मानसून की विदाई से पहले बारिश का एक और दौर बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 20 सितंबर तक राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है. कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.

मौसम विभाग के मुताबिक 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं. हालांकि सौराष्ट्र और उससे सटे उत्तर-पूर्वी अरब सागर के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र 17 सितंबर को भी मौजूद था. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ था.

किन जिलों में बारिश का अनुमान

18 सितंबर को उत्तर गुजरात के बनासकांठा, वाव-थराद, पाटण और मेहसाणा में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है. अरावली, खेड़ा, आणंद, पंचमहल, साबरकांठा, गांधीनगर, अहमदाबाद, दाहोद और महीसागर में कई जगह बारिश हो सकती है.

दक्षिण गुजरात के सूरत, वडोदरा, भरूच, छोटा उदयपुर, नर्मदा, डांग, तापी, नवसारी, वलसाड तथा दमन-दादरा और नगर हवेली में भी कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है. सौराष्ट्र-कच्छ के सुरेंद्रनगर, राजकोट, जामनगर, अमरेली, पोरबंदर, जूनागढ़, द्वारका, गिर सोमनाथ, भावनगर, मोरबी, बोटाद, कच्छ और दीव में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

19 सितंबर को आणंद, पंचमहल, दाहोद और महीसागर में कई स्थानों पर, जबकि उत्तर गुजरात के अन्य जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है. दक्षिण गुजरात में बारिश का दायरा व्यापक रहने की संभावना है. सौराष्ट्र में सुरेंद्रनगर, अमरेली, भावनगर, बोटाद, गिर सोमनाथ और दीव में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.

20 सितंबर को खेड़ा, अहमदाबाद, आणंद, पंचमहल, दाहोद और महीसागर में कई जगह बारिश की संभावना है. दक्षिण गुजरात के सभी जिलों में कई स्थानों पर तथा सौराष्ट्र-कच्छ में छिटपुट गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है.

कई इलाकों में जलभराव

अहमदाबाद में सुबह से कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई और जलभराव की स्थिति बनी. वेजलपुर समेत कई जगह सड़कें पानी में डूब गईं. साणंद के ग्रामीण इलाकों में भी तेज बारिश दर्ज की गई. मोडासा में भारी बारिश के बाद पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई.

पिछले 24 घंटे में मोरबी के मालिया में 131 मिलीमीटर, बनासकांठा के दांता में 91 मिलीमीटर, पाटण के शंखेश्वर में 85 मिलीमीटर और द्वारका में 71 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. 18 सितंबर सुबह छह से आठ बजे के बीच अरावली के मेघरज में 65 मिलीमीटर और मोडासा में 53 मिलीमीटर बारिश हुई.