गुजरात के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण गुजरात के नवसारी और वलसाड जिलों में वर्षा की संभावना है. दमन, दादरा और नगर हवेली में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
सौराष्ट्र में राजकोट, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर और गिर सोमनाथ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है. दीव में भी बौछारें पड़ सकती हैं. हालांकि, दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के बाकी हिस्सों के साथ-साथ पूरे उत्तर गुजरात और कच्छ में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर से 6 नवंबर तक गुजरात क्षेत्र और सौराष्ट्र-कच्छ के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है. विभाग के अनुसार 1 नवंबर से राज्य में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है.
बारिश की गतिविधि सीमित और स्थानीय रहने का अनुमान है, इसलिए इसे राज्यव्यापी भारी बारिश का अलर्ट नहीं माना गया है. अहमदाबाद में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
