गुजरात में 19 सितंबर 2026 तक मौसमी औसत बारिश 88% दर्ज की गई है. पिछले 24 घंटों में राज्य के 224 तालुकों में बारिश हुई. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अरवल्ली के मेघरज और गिर सोमनाथ के गिर गढ़ड़ा में करीब 3 इंच बारिश दर्ज की गई. अहमदाबाद शहर में लगभग 2.87 इंच, साबरकांठा के तलोद में 2.52 इंच और नर्मदा के डेडियापाड़ा में 2.40 इंच बारिश हुई.
क्षेत्रवार बारिश की स्थिति
दक्षिण गुजरात में मौसमी बारिश 113.52% तक पहुंच गई है. पूर्व-मध्य गुजरात में 88.57%, उत्तर गुजरात में 70.33%, सौराष्ट्र में 67.86% और कच्छ में 57.16% बारिश दर्ज की गई.
जलाशयों में बढ़ा जलस्तर
राज्य के 206 जलाशयों में कुल क्षमता का 70.49% पानी उपलब्ध है. सरदार सरोवर-नर्मदा बांध करीब 96% भर चुका है. राज्य के 30 जलाशय पूरी तरह भर गए हैं, जबकि 38 जलाशयों में 70 से 100% तक पानी है. जलस्तर बढ़ने के चलते 45 बांधों को हाई अलर्ट, 13 को अलर्ट और 10 को चेतावनी श्रेणी में रखा गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है.
