गुजरात में इस मानसून अब तक औसत से कम बारिश दर्ज की गई है, जिससे कई इलाकों में सूखे जैसे हालात बन गए हैं. 25 सितंबर तक राज्य में सामान्य से 9% कम बारिश हुई. सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में बारिश की कमी 22% रही.

कच्छ में 20 बांधों में से केवल एक पूरी तरह भर पाया है. सौराष्ट्र के 141 बांधों में 18 बांधों में ही पूरा पानी पहुंचा है. राज्य का सबसे बड़ा सरदार सरोवर बांध भी अभी पूरी तरह नहीं भरा है.

राज्य के कुल 207 बांधों में 32 बांध भर चुके हैं और इनमें कुल जलस्तर 82% बताया गया है.

जिलावार स्थिति में पोरबंदर में सामान्य से 60% कम बारिश दर्ज की गई है. देवभूमि द्वारका में यह कमी 72% रही. इसके अलावा जामनगर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, राजकोट और कच्छ में भी बारिश की कमी दर्ज की गई है.

आईआईटी गांधीनगर के सूखा निगरानी आकलन के अनुसार, गुजरात समेत देश के 51% हिस्सों में कम बारिश या सूखे जैसी स्थिति बनी हुई है.