गुजरात में बिजली की अधिकतम मांग 16 अक्टूबर 2026 को अब तक के सर्वोच्च स्तर 29,822 मेगावाट पर पहुंच गई. यह पिछले वर्ष की समान अवधि में दर्ज 21,822 मेगावाट की मांग से करीब 36 प्रतिशत अधिक है. अक्टूबर में राज्य की दैनिक बिजली खपत भी बढ़कर 574 मिलियन यूनिट हो गई, जबकि पिछले साल यह 457 मिलियन यूनिट थी.
ऊर्जा विभाग की समीक्षा में बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों, कृषि सिंचाई, त्योहारों से पहले बढ़े वाणिज्यिक उपयोग और ऊंचे तापमान को मांग बढ़ने की प्रमुख वजहों में बताया गया. कृषि क्षेत्र में सिंचाई की मांग करीब 12,000 मेगावाट प्रतिदिन तक पहुंचने की जानकारी दी गई है.
सरकार ने अतिरिक्त बिजली और कोयले की उपलब्धता के लिए केंद्र के साथ समन्वय बढ़ाया है. अधिकारियों ने सामान्य बिजली संकट की आशंकाओं को खारिज करते हुए लोगों से शाम 5 से 11 बजे के बीच गैर-जरूरी खपत घटाने और संभव हो तो बिजली का उपयोग दिन के समय करने की अपील की है.
दीर्घकालिक योजना के तहत NPCIL के साथ 4,200 मेगावाट की परमाणु बिजली परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन किया गया है. राज्य में बैटरी एनर्जी स्टोरेज क्षमता बढ़ाने और उकाई में 800 मेगावाट की थर्मल इकाई जैसी परियोजनाओं पर भी काम जारी है.
