गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र में 22 सितंबर की दोपहर बाद कई जगह तेज बारिश हुई. गिर सोमनाथ, अमरेली और भावनगर के इलाकों में मूसलाधार बारिश के बाद सड़कें जलमग्न हो गईं. ऊना में बिजली की तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश हुई, जिससे कई सड़कों पर पानी भर गया और वाहनों के डूबने की स्थिति बनी. सड़क पर पानी का बहाव बढ़ने से दुकानों के बाहर रखा सामान भी बहने लगा.
अमरेली के राजुला और भावनगर के महुवा में भी तेज हवा के साथ बारिश दर्ज की गई. राज्य में अब तक सामान्य से 7 प्रतिशत कम बारिश हुई है.
अगले दिनों में बारिश और मानसून की विदाई
मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. सौराष्ट्र के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है. सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ भागों से अगले दो से तीन दिनों में मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई गई है.
आज कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी है. इनमें अहमदाबाद, गांधीनगर, खेड़ा, आनंद, पंचमहल, दाहोद, महिसागर, राजकोट, जामनगर, पोरबंदर, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, द्वारका, गिर सोमनाथ और बोटाद समेत अन्य जिले शामिल हैं.
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अगले 12 घंटे में डीप डिप्रेशन में बदल सकता है और आंध्र प्रदेश तथा ओडिशा के तट की ओर बढ़ सकता है.
