गुजरात सरकार ने कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम को लेकर स्कूलों के लिए नई व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है. शिक्षा विभाग के अनुसार, राज्य की सभी सरकारी और निजी संबद्ध माध्यमिक तथा उच्चतर माध्यमिक स्कूलों में नियमित काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने होंगे.
यह बदलाव गुजरात माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा विनियम-1974 में विनियम 16(अ) जोड़कर किया जा रहा है. विभाग का मंजूर आदेश 4 सितंबर 2026 का है. नई व्यवस्था का उद्देश्य मानसिक तनाव, गंभीर परेशानियों और आत्महत्या के विचारों जैसी स्थितियों की शुरुआती पहचान कर छात्रों को समय पर सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है.
स्कूलों को सुरक्षित और संवादपूर्ण माहौल बनाना होगा
नई व्यवस्था के तहत स्कूलों को ऐसा वातावरण तैयार करना होगा, जहां छात्र अपनी समस्याओं और भावनात्मक परेशानियों के बारे में बिना डर बात कर सकें. विभाग ने स्कूल स्तर पर सक्रिय व्यवस्था बनाने पर जोर दिया है, ताकि तनाव से जूझ रहे छात्रों की पहचान जल्द हो और उन्हें संवेदनशील तरीके से मदद दी जा सके.
जागरूकता कार्यक्रमों में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण से जुड़े विषयों को शामिल किया जाएगा. विभाग के मुताबिक, छात्रों को तनावपूर्ण परिस्थितियों से निपटने के तरीकों की जानकारी देना और जरूरत पड़ने पर सहायता तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना इस पहल का अहम हिस्सा है.
केंद्र की UMMEED गाइडलाइन का भी आधार
गुजरात शिक्षा विभाग ने इस प्रावधान के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और NCERT के सहयोग से तैयार UMMEED यानी 'Understand, Motivate, Manage, Empathize, Empower, Develop' गाइडलाइन का संदर्भ लिया है. मई 2025 में जारी इस गाइडलाइन में स्कूलों में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम के लिए उठाए जाने वाले कदमों का उल्लेख है.
विभाग ने कहा है कि छात्रों का सर्वांगीण विकास केवल शैक्षणिक प्रदर्शन तक सीमित नहीं है. उनके मानसिक स्वास्थ्य को समझना, सुरक्षित वातावरण देना और गंभीर स्थिति में समय पर सहायता उपलब्ध कराना भी स्कूलों की जिम्मेदारी का हिस्सा है. नई व्यवस्था के बाद कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए काउंसलिंग और जागरूकता गतिविधियों को स्कूल स्तर पर नियमित रूप से संचालित करना होगा.
