गुजरात सरकार ने कक्षा 9 से 12 तक पढ़ाने वाले स्कूलों में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम से जुड़े नए नियम लागू किए हैं. गुजरात माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध हर स्कूल में हर शैक्षणिक वर्ष की शुरुआत में School Wellness Team बनानी होगी.

100 या उससे अधिक छात्रों वाले स्कूलों में कम से कम एक योग्य काउंसलर, मनोवैज्ञानिक या बाल एवं किशोर मानसिक स्वास्थ्य में प्रशिक्षित सामाजिक कार्यकर्ता नियुक्त करना अनिवार्य होगा. 100 से कम छात्रों वाले स्कूलों को बाहरी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों, नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों, जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम और Tele-MANAS से औपचारिक संपर्क व्यवस्था बनानी होगी.

वेलनेस टीम का नेतृत्व प्रधानाचार्य करेंगे. इसमें शिक्षक, स्कूल प्रबंधन समिति का प्रतिनिधि, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी और ‘मनो-मित्र’ नामित दो छात्र शामिल होंगे. ये छात्र साथियों को शुरुआती भावनात्मक मदद और जरूरत पड़ने पर उचित सहायता तक पहुंचने में मदद करेंगे.

नियमों के तहत परीक्षा, परिणाम और कक्षा 8 से 9 तथा 10 से 11 में संक्रमण के दौरान अतिरिक्त मार्गदर्शन देना होगा. अंक या परीक्षा परिणाम के आधार पर छात्रों को अलग करना, सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा करना या दूसरों से तुलना करना प्रतिबंधित रहेगा. शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को वर्ष में कम से कम दो बार मानसिक स्वास्थ्य प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.