गुजरात सरकार ने कक्षा 9 से 12 तक पढ़ाने वाले स्कूलों में मानसिक स्वास्थ्य सहायता व्यवस्था अनिवार्य कर दी है. यह प्रावधान गुजरात माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों पर लागू होगा. सरकार का उद्देश्य परीक्षा दबाव, अंकों की प्रतिस्पर्धा, पारिवारिक अपेक्षाओं और भविष्य को लेकर चिंता के बीच छात्रों को समय पर सहायता देना और आत्महत्या के जोखिम को कम करना है.

हर स्कूल को शैक्षणिक वर्ष की शुरुआत में School Wellness Team बनानी होगी. इसका नेतृत्व प्राचार्य करेंगे, जबकि काउंसलर या नामित शिक्षक समन्वयक होगा. टीम में शिक्षक, स्कूल प्रबंधन समिति का प्रतिनिधि, गैर-शिक्षण कर्मचारी और दो छात्र peer leaders यानी ‘मनो-मित्र’ शामिल होंगे.

100 या उससे अधिक छात्रों वाले स्कूलों में बाल एवं किशोर मानसिक स्वास्थ्य का प्रशिक्षण प्राप्त कम-से-कम एक काउंसलर, मनोवैज्ञानिक या सामाजिक कार्यकर्ता नियुक्त करना होगा. छोटे स्कूलों को बाहरी विशेषज्ञों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम और Tele-MANAS से औपचारिक रेफरल व्यवस्था बनानी होगी.

नियमों के तहत कर्मचारियों को साल में कम-से-कम दो बार प्रशिक्षण, छात्रों के लिए गोपनीय शिकायत व्यवस्था और आत्म-क्षति के संकेतों पर तत्काल कार्रवाई की प्रक्रिया भी रखनी होगी. परीक्षा और परिणाम घोषित होने जैसे संवेदनशील समय में अतिरिक्त मार्गदर्शन देना होगा.