गुजरात सरकार ने राज्य के स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश और छात्रों की फोटो-वीडियोग्राफी को लेकर नए सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं. शिक्षा विभाग के परिपत्र के अनुसार, किसी भी बाहरी व्यक्ति को स्कूल परिसर में आने से पहले प्रधानाचार्य या संस्था प्रमुख से लिखित अनुमति लेनी होगी. प्रवेश से पहले आगंतुक का विवरण विजिटर रजिस्टर में दर्ज करना भी अनिवार्य होगा.
ड्यूटी पर तैनात अधिकृत सरकारी अधिकारियों को इस नियम से छूट दी गई है. कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों, छात्रावासों, खेल मैदानों और छात्रों की गतिविधियों से जुड़े अन्य स्थानों में प्रवेश के लिए भी पूर्व लिखित अनुमति जरूरी होगी.
निर्देशों में छात्रों, शिक्षकों या स्कूल गतिविधियों की फोटो खींचने, वीडियो बनाने, इंटरव्यू, ऑडियो रिकॉर्डिंग और लाइव स्ट्रीमिंग पर बिना अनुमति रोक लगाई गई है. स्कूल प्रबंधन को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि छात्रों की तस्वीरें, वीडियो या निजी जानकारी इस तरह एकत्र, प्रकाशित या प्रसारित न हो, जिससे उनकी सुरक्षा, गरिमा या निजता प्रभावित हो.
यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति प्रवेश करे, परिसर छोड़ने से इनकार करे या अनधिकृत रिकॉर्डिंग का प्रयास करे, तो स्कूल प्रशासन को पुलिस को सूचित करने का निर्देश दिया गया है.
