गांधीनगर: गुजरात शिक्षा विभाग ने स्कूल परिसरों में बाहरी लोगों के प्रवेश और विद्यार्थियों की फोटो-वीडियोग्राफी को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं. 21 अक्टूबर 2026 को जारी परिपत्र के अनुसार, किसी भी बाहरी व्यक्ति को स्कूल में प्रवेश से पहले प्रधानाचार्य या संस्था प्रमुख की पूर्व लिखित अनुमति लेनी होगी. अधिकृत सरकारी ड्यूटी पर आए अधिकारियों को इस नियम से छूट दी गई है.
स्कूल में प्रवेश करने वाले आगंतुकों का नाम और अन्य जरूरी विवरण विजिटर रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होगा. विद्यार्थियों, शिक्षकों या स्कूल की गतिविधियों की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, इंटरव्यू, ऑडियो रिकॉर्डिंग और लाइव-स्ट्रीमिंग भी प्रधानाचार्य की लिखित अनुमति के बिना नहीं की जा सकेगी.
निर्देशों में बच्चों की सुरक्षा, गरिमा और निजता को ध्यान में रखते हुए उनकी तस्वीरें, वीडियो या व्यक्तिगत जानकारी एकत्र करने और साझा करने पर भी रोक लगाई गई है, यदि इससे उनकी सुरक्षा प्रभावित हो सकती हो.
परिपत्र में कहा गया है कि बिना अनुमति प्रवेश करने, परिसर छोड़ने से इनकार करने, अनधिकृत रिकॉर्डिंग करने या स्कूल की गतिविधियों में बाधा डालने वालों की सूचना स्थानीय पुलिस और शिक्षा अधिकारियों को दी जानी चाहिए.
