गुजरात सरकार ने राज्य के स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर नए कड़े निर्देश जारी किए हैं. शिक्षा विभाग के परिपत्र के अनुसार, किसी भी बाहरी व्यक्ति को स्कूल परिसर में आने से पहले प्रधानाचार्य या संस्थान प्रमुख से लिखित अनुमति लेनी होगी. आधिकारिक ड्यूटी पर आने वाले अधिकृत सरकारी अधिकारियों को इस नियम से छूट दी गई है.
स्कूल में प्रवेश करने वाले हर आगंतुक का नाम और अन्य विवरण विजिटर रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा. कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, छात्रावास, खेल मैदान, शौचालय और छात्र गतिविधियों वाले अन्य क्षेत्रों में जाने के लिए भी पूर्व लिखित अनुमति जरूरी होगी.
परिपत्र में छात्रों, शिक्षकों या स्कूल गतिविधियों की बिना अनुमति फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, इंटरव्यू, ऑडियो रिकॉर्डिंग और लाइव स्ट्रीमिंग पर रोक लगाई गई है. छात्र की पहचान, तस्वीर या निजी जानकारी भी प्रधानाचार्य की अनुमति के बिना एकत्र या प्रकाशित नहीं की जा सकेगी.
यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति प्रवेश करता है, परिसर छोड़ने से इनकार करता है या अनधिकृत रिकॉर्डिंग की कोशिश करता है, तो स्कूल प्रशासन को स्थानीय पुलिस और संबंधित शिक्षा अधिकारियों को तुरंत सूचित करना होगा. निर्देशों का उद्देश्य छात्रों की सुरक्षा, गरिमा और निजता की रक्षा करना बताया गया है.
