गांधीनगर: गुजरात सरकार ने स्कूल परिसरों में बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. शिक्षा विभाग के परिपत्र के अनुसार, किसी भी बाहरी व्यक्ति को स्कूल में प्रवेश से पहले प्रधानाचार्य या संस्था प्रमुख से लिखित अनुमति लेनी होगी. आधिकारिक काम से आने वाले अधिकृत सरकारी अधिकारियों को इस नियम से छूट दी गई है.
स्कूल में आने वाले हर आगंतुक की जानकारी विजिटर रजिस्टर में दर्ज करनी होगी. कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, छात्रावास, खेल मैदान और अन्य छात्र-गतिविधि वाले क्षेत्रों में प्रवेश के लिए भी लिखित अनुमति जरूरी होगी. ऐसे स्थानों पर आगंतुक के साथ प्रधानाचार्य, शिक्षक या अधिकृत कर्मचारी का होना अनिवार्य किया गया है.
परिपत्र में छात्रों, शिक्षकों या स्कूल गतिविधियों की बिना अनुमति फोटो, वीडियो, इंटरव्यू, ऑडियो रिकॉर्डिंग और लाइव स्ट्रीमिंग पर रोक लगाई गई है. छात्रों की निजी जानकारी, पहचान या तस्वीर को उनकी सुरक्षा, गरिमा और गोपनीयता प्रभावित करने वाले तरीके से प्रकाशित या प्रसारित नहीं किया जा सकेगा.
बिना अनुमति प्रवेश करने, परिसर छोड़ने से इनकार करने, अनधिकृत रिकॉर्डिंग की कोशिश करने या स्कूल की गतिविधियों में बाधा डालने वालों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस और संबंधित शिक्षा अधिकारियों को देनी होगी. विभाग ने इन निर्देशों के पीछे बच्चों की सुरक्षा और निजता को प्रमुख कारण बताया है.
