गुजरात भाजपा 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का आयोजन करेगी. राज्य के सभी जिलों और महानगरों में होने वाले कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 9 बजे वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे. उनके संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर सेवा ज्योति प्रज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा.
यह कार्यक्रम ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किया जा रहा है. भाजपा के अनुसार, इसका उद्देश्य नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनकी जनसेवा और सुशासन की यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करना है. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ‘विकसित भारत @ 2047’ का सामूहिक संकल्प भी दिलाएंगे.
प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन संबोधित करेंगे. दोनों नेताओं के भाषणों का गुजरात के सभी जिलों और महानगरों में यात्रा के प्रस्थान स्थलों पर लाइव प्रसारण किया जाएगा. इसके बाद स्थानीय नेता सेवा ज्योति प्रज्वलित करेंगे. यात्रा में भाजपा के संगठन पदाधिकारी, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिकों के शामिल होने की बात कही गई है.
प्रदेश बैठक में संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा
कोबा स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय ‘श्री कमलम’ में हुई बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने की. प्रदेश प्रभारी तरुण चुग और संगठन महामंत्री रत्नाकर ने आगामी कार्यक्रमों के संचालन और संगठनात्मक कार्यों को लेकर मार्गदर्शन दिया.
बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं, जनसुविधाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया. नए सह-प्रभारियों अजय महावर और गोमती साई तथा सह संगठन महामंत्री अरुण बिन्नाड़ी का परिचय भी कराया गया.
इसके अलावा भाजपा के विभिन्न मोर्चों, मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी विभागों के पदाधिकारियों के साथ अलग बैठक हुई. इसमें कार्यकर्ताओं से संवाद, जिम्मेदारियों के समन्वय और आगामी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई.
