गुजरात के दूरदराज और दुर्गम आदिवासी इलाकों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को तेज करने के लिए 89 नई 108 एंबुलेंस तैनात करने की तैयारी है. इनके शामिल होने के बाद चयनित आदिवासी बहुल जिलों में 108 एंबुलेंस की संख्या 553 से बढ़कर 642 हो जाएगी.
इन इलाकों में 108 सेवा का औसत रिस्पॉन्स टाइम फिलहाल 18 मिनट 32 सेकंड है. नई एंबुलेंसों के बाद इसे घटाकर करीब 10 मिनट करने का लक्ष्य रखा गया है. राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा का औसत रिस्पॉन्स टाइम 13 मिनट 9 सेकंड है. शहरी क्षेत्रों में यह 9 मिनट 55 सेकंड और ग्रामीण क्षेत्रों में 16 मिनट 28 सेकंड बताया गया है.
दुर्गम इलाकों के लिए अलग तरह की एंबुलेंस
प्रस्तावित 89 एंबुलेंसों में 22 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS), 55 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 12 फोर-व्हील ड्राइव (4WD) एंबुलेंस शामिल हैं. ALS वाहन गंभीर मरीजों के लिए इस्तेमाल होंगे, जबकि BLS एंबुलेंस सामान्य आपातकालीन परिवहन और जीवनरक्षक जरूरतों के लिए काम आएंगी.
12 विशेष 4WD एंबुलेंस कच्चे और कठिन रास्तों के साथ-साथ बारिश या बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचने के लिए उपयोगी होंगी. आदिवासी इलाकों में भौगोलिक दूरी, खराब सड़कें और मानसून के दौरान रास्तों की स्थिति 108 सेवा के रिस्पॉन्स टाइम को प्रभावित करती है.
योजना का उद्देश्य मरीजों को घटनास्थल से जल्द अस्पताल पहुंचाना और आपात स्थिति में ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान उपचार मिलने की संभावना बढ़ाना है. हालांकि, एंबुलेंसों की खरीद प्रक्रिया अभी जारी है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें संबंधित क्षेत्रों में सेवा में शामिल किया जाएगा.
