गुजरात में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. इसके बाद 19 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून की विदाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने का अनुमान है. अहमदाबाद स्थित मौसम विभाग के बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है.

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उत्तर गुजरात के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना था. इसका प्रभाव कच्छ और दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान तक देखा गया. इसके कारण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है.

24 घंटे में कई जिलों में भारी बारिश

पिछले 24 घंटों में कच्छ, भावनगर, जामनगर, गिर सोमनाथ और राजकोट में 11 से 20 सेंटीमीटर के बीच भारी बारिश दर्ज की गई. मेहसाणा, अहमदाबाद, वडोदरा, अरवल्ली, खेड़ा, साबरकांठा, सूरत, बोटाद, जूनागढ़, पोरबंदर, सुरेंद्रनगर और द्वारका समेत कई इलाकों में 7 से 11 सेंटीमीटर बारिश हुई. इस अवधि में राज्य के 110 तालुकों में बारिश दर्ज की गई.

कच्छ के मांडवी तालुका में सबसे अधिक 7 इंच बारिश हुई. अबडासा में 2.13 इंच, मुंद्रा में 1.69 इंच, नखत्राणा में 1.30 इंच और भुज में 1.26 इंच बारिश दर्ज की गई. लखपत, देवभूमि द्वारका के खंभालिया और द्वारका में 0.91 इंच बारिश हुई.

16 सितंबर को खेड़ा, आणंद, पंचमहल, दाहोद और महीसागर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. इसके अलावा उत्तर गुजरात, मध्य गुजरात, सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. सौराष्ट्र-कच्छ में मोरबी और कच्छ के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश की संभावना है.

17 सितंबर को सुरेंद्रनगर, राजकोट, जामनगर, पोरबंदर, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, मोरबी, द्वारका, गिर सोमनाथ, बोटाद, कच्छ और दीव में हल्की बारिश हो सकती है. अन्य जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. अहमदाबाद में आसमान मुख्यतः बादलों से ढका रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.

राज्य में अब तक 84 प्रतिशत बारिश

15 सितंबर तक गुजरात में 767 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जबकि राज्य की औसत मौसमी बारिश 909 मिलीमीटर है. यानी अब तक सामान्य की 84 प्रतिशत बारिश हुई है. कच्छ में यह आंकड़ा 49 प्रतिशत, उत्तर गुजरात में 63 प्रतिशत, पूर्व-मध्य गुजरात में 84 प्रतिशत और सौराष्ट्र में 65 प्रतिशत है. दक्षिण गुजरात में सामान्य से अधिक, 113 प्रतिशत से ज्यादा बारिश हुई है.

देवभूमि द्वारका में मौसमी बारिश केवल 10 प्रतिशत और पोरबंदर में 24 प्रतिशत दर्ज की गई. कम बारिश का असर जलाशयों पर भी है. उत्तर गुजरात के 15 में से कोई भी बांध नहीं भरा है और वहां करीब 43 प्रतिशत पानी उपलब्ध है. दक्षिण गुजरात में 13 में से आठ बांध भर चुके हैं. सरदार सरोवर बांध 96 प्रतिशत भरा हुआ है.