अहमदाबाद स्थित गुजरात यूनिवर्सिटी के ऑनलाइन पाठ्यक्रमों में छात्रों की रुचि तेजी से बढ़ी है. विश्वविद्यालय में इस साल छह ऑनलाइन कोर्स—तीन अंडरग्रेजुएट और तीन पोस्टग्रेजुएट—में 1,143 छात्रों ने प्रवेश लिया. अक्टूबर 2025 की प्रवेश प्रक्रिया में इन पाठ्यक्रमों के लिए कुल 2,560 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था.

विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन कोर्स नई शिक्षा नीति (NEP) 2020 के कार्यान्वयन के साथ शुरू किए हैं. इन पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों की पढ़ाई, परीक्षा और परिणाम ऑनलाइन माध्यम से ही होंगे. विश्वविद्यालय के अनुसार, रजिस्ट्रेशन में पहले की तुलना में छह गुना वृद्धि दर्ज की गई है.

अंडरग्रेजुएट में बीकॉम सबसे आगे

इस साल अंडरग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में कुल 743 छात्रों ने दाखिला लिया. इनमें बीकॉम में सबसे अधिक 301 प्रवेश हुए. बीए इंग्लिश में 243 और बीसीए में 199 छात्रों ने प्रवेश लिया.

पोस्टग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में एमकॉम जनरल में 160, एमए इंग्लिश में 158 और एमएससी मैथेमेटिक्स में 82 छात्रों ने दाखिला लिया.

गुजरात यूनिवर्सिटी में ऑनलाइन पाठ्यक्रम वर्ष 2025 से शुरू किए गए थे. उस समय छह पाठ्यक्रमों में 154 छात्रों ने प्रवेश लिया था, जो फरवरी 2026 में बढ़कर 343 हो गया.

ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा से नौकरी करने वाले युवाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और एक साथ दो डिग्री लेने के इच्छुक छात्रों को सुविधा मिल रही है. देश के अन्य राज्यों तथा विदेश में रहने वाले विद्यार्थियों ने भी इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया है.