गुजरात के वडोदरा-अहमदाबाद एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के लक्जरी बस और ट्रक की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई. हादसे में पांच अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं. दुर्घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला.

मिली जानकारी के अनुसार, साई दर्शन ट्रैवल्स की बस सूरत से राजस्थान जा रही थी. आणंद से नडियाद की ओर बढ़ते समय करीब सुबह चार बजे बस की ट्रक से जोरदार टक्कर हुई. उस समय बस में सवार अधिकांश यात्री सो रहे थे. टक्कर की आवाज के बाद यात्रियों में चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया. मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, जबकि पांच घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों में सूरत निवासी धनेश जादव भी शामिल हैं. उनके अनुसार, यात्री सो रहे थे, तभी अचानक तेज धमाका हुआ और बस में हड़कंप मच गया.

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. हादसे के चलते एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा. क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया.