गुजरात में मानसून की सक्रियता के बीच 18 सितंबर को बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दाहोद और छोटा उदेपुर में बहुत भारी बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में कुछ स्थानों पर 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है.
गांधीनगर, अरावली, खेड़ा, अहमदाबाद, पंचमहल, महीसागर, वडोदरा और नर्मदा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में कुछ स्थानों पर 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश का अनुमान है.
मौसम विभाग ने गुजरात के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना जताई है. कुछ जगहों पर बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं.
अहमदाबाद में शनिवार सुबह तक बादल छाए रहने और कुछ दौर की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. विभाग के अनुसार 25 सितंबर तक राज्य में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है, हालांकि इसकी तीव्रता कम होने की संभावना है.
