गुजरात में मानसून की विदाई के बीच दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. कई इलाकों में दोपहर के समय लोगों को गर्मी और गर्म हवाओं के कारण गर्मी के मौसम जैसा अनुभव हो रहा है.

बीते दिन 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राजकोट राज्य का सबसे गर्म शहर रहा. राज्य के नौ अन्य शहरों में भी अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. डीसा में तापमान 38.8 डिग्री और सुरेंद्रनगर में 38.6 डिग्री सेल्सियस रहा.

अहमदाबाद का मौसम

अहमदाबाद में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले सात दिनों तक गुजरात में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा. उत्तर गुजरात के तटीय इलाकों में हवा पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर, जबकि दक्षिण गुजरात के तट पर उत्तर-पश्चिम से उत्तर दिशा की ओर चलने की संभावना है. हवा की गति 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. फिलहाल राज्य में उत्तर-पश्चिम से उत्तर दिशा की हवाएं चल रही हैं.

दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई रेखा महाराष्ट्र, गोवा, तेलंगाना और ओडिशा के शेष हिस्सों से आगे बढ़ रही है. अगले तीन से चार दिनों में पूर्वी भारत और उत्तर प्रायद्वीपीय क्षेत्र के कुछ और हिस्सों से मानसून की चरणबद्ध विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनने का अनुमान है.