गुजरात युवा कांग्रेस ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई विपक्षी गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल नहीं होने पर 49 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है. कार्रवाई के दायरे में 24 जिला अध्यक्ष और राज्य स्तर के अन्य पदाधिकारी शामिल हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने रैली में पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की थी. गुजरात इकाई के अध्यक्ष प्रवीनसिंह वणोल ने बताया कि दिल्ली जाने के निर्देश के बावजूद अनुपस्थित रहे पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनके संगठनात्मक पदों से हटाया गया है. निलंबन अगले आदेश तक जारी रहेगा.
रैली में कांग्रेस और विपक्षी दलों के नेताओं ने कथित मतदाता सूची अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर प्रदर्शन किया था. कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई थी.
वणोल के मुताबिक, निलंबित पदाधिकारियों से अनुपस्थिति को लेकर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा. संतोषजनक जवाब और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के आधार पर आगे बहाली पर विचार किया जा सकता है.
