प्रसिद्ध गुजराती उपन्यासकार और कहानीकार इला आरब मेहता का 88 वर्ष की उम्र में मुंबई में निधन हो गया. उनके अंतिम संस्कार 7 अक्टूबर को दोपहर मुंबई के सांताक्रूज में किए गए. वे साहित्यकार गुणवंतराय आचार्य की बेटी और लेखिका वर्षा अडालजा की बड़ी बहन थीं.

जामनगर की मूल निवासी इला मेहता का जन्म 16 जून 1938 को मुंबई में हुआ था. उन्होंने रूइया कॉलेज से गुजराती और संस्कृत विषयों में एमए किया. इसके बाद मुंबई के सेंट जेवियर्स कॉलेज में कई वर्षों तक अध्यापन किया.

इला मेहता ने शुरुआती दौर में ‘अखंडानंद’, ‘नवनीत’ और स्त्री-केंद्रित पत्रिकाओं में लेखन किया. उनके साहित्यिक योगदान में 20 से अधिक उपन्यास और कहानी-संग्रह शामिल हैं. ‘बत्तीस पुतली की वेदना’, ‘पांच कदम पृथ्वी पर’, ‘ठिठका हुआ आकार’, ‘राधा’, ‘त्रिकोण की तीन रेखाएं’, ‘दरियाई आदमी’, ‘एक था दीवान बहादुर’, ‘वारिसदार’ और ‘द न्यू लाइफ’ उनकी चर्चित कृतियों में गिने जाते हैं.

उनकी रचनाओं में महिलाओं के साथ होने वाले अन्याय, संघर्ष और सामाजिक विषमताओं का चित्रण प्रमुखता से मिलता है. ‘आवतीकालनो सूरज’, ‘परपोटानी आंख’ और ‘झीली मैंने कूंपल हथेली में’ जैसी कृतियों में उन्होंने स्त्री पात्रों के अनुभवों को आवाज दी. साहित्य में योगदान के लिए उन्हें गुजरात साहित्य अकादमी, महाराष्ट्र गुजराती साहित्य अकादमी और गुजराती साहित्य परिषद से कई सम्मान मिले थे.