गुजरात के हिम्मतनगर में अहमदाबाद-हिम्मतनगर नेशनल हाईवे-48 के पास स्थित साबरडेयरी की साबरदान फैक्ट्री में बुधवार रात भूसा लदे एक ट्रक में आग लग गई. ट्रक फैक्ट्री परिसर में भूसा खाली करने के लिए खड़ा था, तभी उसके केबिन वाले हिस्से में अचानक आग भड़क उठी.

आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया. वहां मौजूद लोगों ने फैक्ट्री की फायर सिस्टम की मदद से तुरंत पानी डालना शुरू किया. आग तेजी से फैलने के कारण ट्रक का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया.

दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई

घटना की सूचना मिलने के बाद हिम्मतनगर फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया. आग बुझने के बाद फैक्ट्री परिसर में स्थिति सामान्य हो गई.

स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, आग से ट्रक को काफी नुकसान हुआ है. हालांकि, घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है.

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच बाकी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक में तकनीकी खराबी के बाद केबिन में आग लगी हो सकती है. आग का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.